
गौर के हमले में डोईवाला के सैनिक आकाश चौहान की मौत, गांव में पसरा मातम
पचमढ़ी में फुटबॉल खेलते समय बायसन ने किया हमला, देश सेवा के लिए इकलौते बेटे को सेना में भेजा था परिवार ने; शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल / विक्रांत वर्मा।मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में गुरुवार शाम बायसन (गौर) के हमले में डोईवाला के 26 वर्षीय सैनिक आकाश चौहान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव सिमलास ग्रांट में शोक की लहर दौड़ गई। जवान की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, आकाश चौहान पचमढ़ी स्थित आर्मी एजुकेशन सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे। गुरुवार शाम सैनिक केंद्र के खेल मैदान में फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले बायसन ने सैनिकों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मैदान में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बायसन ने आकाश पर पीछे से हमला करते हुए सींग मार दिए, जिससे उनके पेट के आसपास गंभीर चोटें आईं। घायल जवान को तत्काल सैन्य अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आकाश चौहान पुत्र कुंदन चौहान ग्राम पंचायत सिमलास ग्रांट के निवासी थे। वह सेना की 17वीं कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात थे। परिवार में वह इकलौते बेटे थे, जबकि उनकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। माता-पिता ने अपने इकलौते बेटे को देश सेवा के लिए सेना में समर्पित किया था, लेकिन जवान बेटे की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सिमलास ग्रांट गांव की एक खास पहचान यह भी है कि यहां के अनेक परिवारों से लोग सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं। ऐसे गांव के युवा सैनिक की शहादत की खबर से हर आंख नम है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने आकाश चौहान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को जवान का पार्थिव शरीर हरिद्वार लाया जाएगा, जहां पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।



