चीनी मिल पर किसानों ने किया प्रदर्शन गन्ना मूल्य वृद्धि न होने को लेकर किया जाएगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

डोईवाला – गन्ना मूल्य ₹500 प्रति कुंतल करने की मांग को लेकर शनिवार को किसानों ने डोईवाला चीनी मिल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि राज्य सरकार जहां उत्तराखंड की रजत जयंती का जश्न मना रही है, वहीं किसान अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि “किसान का सब्र अब टूट चुका है। डीजल, खाद, बीज और मजदूरी की लागत कई गुना बढ़ गई है, लेकिन सरकार अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं कर पाई है। ₹500 प्रति कुंतल से कम दर किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों की अनदेखी की, तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि किसान प्रदेश की रीढ़ हैं, लेकिन सरकार उनकी मेहनत को नजरअंदाज कर रही है। एक ओर राज्य रजत जयंती का जश्न मना रहा है और दूसरी ओर अन्नदाता को न्याय के लिए धरना देना पड़ रहा है। यदि जल्द गन्ने का उचित मूल्य घोषित नहीं हुआ, तो यह आंदोलन राजधानी तक पहुंचेगा।
कांग्रेस नेता रणजीत सिंह बॉबी ने कहा कि “कुछ ही दिनों में चीनी मिलों का पेराई सत्र आरंभ होने वाला है, लेकिन अब तक सरकार गन्ने का मूल्य घोषित नहीं कर पाई है। यह किसानों के साथ खुला अन्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हक की हर लड़ाई में साथ खड़ी है।
प्रदर्शन के उपरांत किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार आर.एस. रावत को ज्ञापन सौंपा, जिसमें गन्ने का मूल्य ₹500 प्रति कुंतल करने और किसानों के विभिन्न समस्याओं की मांग की गई। धरना प्रदर्शन में भाकियू नगर अध्यक्ष विजय बक्षी, इंद्रजीत सिंह अब्दुल खालिद सरजीत सिंह रणजीत सिंह बॉबी जितेंद्र कुमार सूबा सिंह जरनैल सिंह अजीत सिंह प्रिंस अनूप कुमारसंजय चौधरी मंडल अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन सुकराम पाल विजय शास्त्री जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी जिला प्रतिनिधि वेदपाल पवार प्रचार मंत्री शिवम् मीडिया लवकुश कुमार आदि मौजूद रहे I



