योग के रंग में रंगा लच्छीवाला, साधकों ने दी अद्भुत प्रस्तुतियाँ

भास्कर इंडिया लाइव
स्थापना दिवस पर जनकल्याण योगपीठ में दिखा साधना, अनुशासन और उत्साह का संगम
डोईवाला- लच्छीवाला का वातावरण रविवार को पूरी तरह योगमय हो गया। अवसर था श्री राधे राधे जनकल्याण योगपीठ के पाँचवें स्थापना दिवस समारोह का। मंच पर जब योग साधकों ने जटिल योग क्रियाओं, आसनों और योग नृत्य की प्रस्तुतियाँ दीं तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन सूबेदार मेजर थम्मन थापा ने किया। उन्होंने योगपीठ की स्थापना, उद्देश्य और समाज में इसके योगदान पर प्रकाश डाला। योग साधकों ने वस्त्र धोती क्रिया, नौली क्रिया, जुंबा नृत्य और एरोबिक जैसी प्रस्तुतियाँ देकर सभी को अचंभित कर दिया। समारोह के अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
योग गुरु विजय शाही ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग ही ऐसा माध्यम है, जो तन-मन को संतुलित रखता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, एडवोकेट रामेश्वर लोधी,पूर्व ब्लाक प्रमुख नगीना रानी, बी.पी. थापा, शिवानी थपलियाल, कुसुम गोस्वामी, शिवराज ठाकुर, रामेश्वरी रावत समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



