
डोईवाला में उत्तराखंड पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संगठन का 31वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला के विस्थापित क्षेत्र अठूरवाला में उत्तराखंड पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संगठन का 31वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, अर्द्ध सैनिकों एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे राष्ट्र की सुरक्षा की रीढ़ हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों के अनुशासन, त्याग और सेवा भावना को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डोईवाला ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन आनंद सिंह राणा ने की। कार्यक्रम में कमांडो एस.एस. मथारू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी पूर्व सैनिकों के साथ-साथ वीर महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और मार्गदर्शन युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत उपयोगी है।
मंच संचालन कैप्टन दीवान सिंह रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में हवलदार राकेश जोशी, सूबेदार महेश चमोली, सूबेदार मेजर डी.डी. तिवारी, कैप्टन कैलाश चंद सती, नायब सूबेदार बीरेंद्र सिंह बिष्ट, हवलदार राजेंद्र सिंह (क्षेत्रीय अध्यक्ष, रानी पोखरी), खुशहाल सिंह रावत, प्रशांत रावत, योगेश पुंडीर, सभासद प्रदीप नेगी जेटली, संदीप नेगी तथा प्रधान रानी पोखरी सुधीर रतूड़ी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ किया गया।



