
लच्छीवाला टोल प्लाजा पर दबंगई, कर्मचारियों से मारपीट व तोड़फोड़, प्राथमिकी दर्ज
डोईवाला।
भास्कर इंडिया लाइव
लच्छीवाला टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो लग्जरी वाहनों में सवार लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की। टोल प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट के आरोप में एक युवक के खिलाफ नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है मामले में जांच की जा रही है।
टोल प्लाजा सहायक प्रबंधक मनीष नेगी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। मनीष ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर बाद करीब 2 बजे दो लग्जरी वाहनों में सवार 10–12 लोग टोल प्लाजा पहुंचे। लाइन नंबर-2 पर तैनात महिला कर्मी से उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। मनीष ने बताया कि जब उन्होंने प्रबंधक प्रभाकर सिंह के साथ मौके पर पहुंच कर स्थिति संभालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया कि प्रभाकर सिंह द्वारा मोबाइल से घटना का वीडियो बनाए जाने पर आरोपी आक्रामक हो गए तथा उनके साथ मारपीट की। मनीष ने बताया कि टोल शुल्क कटने के बाद भी जब वाहनों को आगे बढ़ाने को कहा गया, तो आरोपियों ने अपने वाहन आगे खड़े कर 15–20 लोगों का समूह बनाकर टोल कर्मचारियों पर बेल्ट आदि से हमला कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए गए और घटना से जुड़े वीडियो को जबरन डिलीट कर दिए। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि शिकायत पर कुनाल सहगल के खिलाफ नामजद अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



