
अमन और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद,ईदगाह व मस्जिदों में उमड़ा जनसैलाब
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला (चमन लाल /विक्रांत वर्मा)
शनिवार 21मार्च -महीने भर के रोजों के बाद शनिवार को देशभर के साथ-साथ डोईवाला क्षेत्र व आसपास में ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही लोग नए लिबास पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों की ओर रुख करने लगे। ईदगाह व मस्जिदों में हजारों की संख्या में नमाजियों ने खुदा की इबादत में सिर झुकाया और मुल्क की खुशहाली व अमन-चैन की दुआ मांगी। ईद की नमाज भानियावाला मस्जिद, डोईवाला मस्जिद, तेलीवाला ईदगाह, कुड़कावाला ईदगाह, भोगपुर मस्जिद, लिस्ट्राबाद मस्जिद आदि ईदगाह व मस्जिदों में अदा की गई।
नमाज संपन्न होने के बाद फिजाओं में ईद मुबारक की गूंज सुनाई देने लगी। हर तरफ लोग एक-दूसरे के गले मिलकर गिले-शिकवे भुलाते और खुशियां बांटते नजर आए। छोटे बच्चों में ईदी को लेकर खासा उत्साह देखा गया। रंग-बिरंगे गुब्बारों और खिलौनों से सजे बाजारों में रौनक देखते ही बनती थी। त्योहार के मद्देनजर पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों व मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा ताकि यातायात सुचारू बना रहे और शांति व्यवस्था में कोई खलल न पड़े।
दुआओं में उठा मुल्क की तरक्की का हाथ-
डोईवाला। ईदगाहों में विशेष नमाज के दौरान भानियावाला मस्जिद के इमाम मुजफ्फर सादिक व मोहम्मद सादिक ने मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ कराई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ईद का त्योहार हमें प्रेम और मानवता का संदेश देता है। नमाज मुकम्मल होने के बाद लोग एक-दूसरे के गले मिले और गिले-शिकवे दूर किए।



