
रानी पोखरी लिस्ट्राबाद लॉ कॉलेज बनाने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन पुलिस से झड़प ,कई कांग्रेसी गिरफ्तार
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला (बुधवार 25मार्च -चमन लाल /विक्रांत वर्मा)
रानी पोखरी क्षेत्र के लिस्ट्रा बाद में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी एनएलयू की स्थापना को लेकर 38 दिनों से चल रहा आंदोलन मंगलवार को अचानक उग्र हो गया। जमीन की नाप जोख के दौरान कांग्रेसियों ने आंदोलनरत ग्रामीणों के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गौरतलब है कि लिस्ट्राबाद में लॉ विश्वविद्यालय की जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है। लंबे समय से जमीन को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों का समर्थन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

वही मौके पर आंदोलन कर रहे लोगों को समझाने के लिए पहुंचे विधायक बृजभूषण गैरोला और कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल एवं आंदोलन रत ग्रामीण के बीच तीखी नोंक झोंक हो गई। मामले की गंभीरता को देख मौके पर एसडीएम ऋषिकेश योगेश मेहरा ने पुलिस बल के साथ कांग्रेसियों को वहां से बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया जिससे पुलिस और कांग्रेसियों के बीच भी झड़प हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल आंदोलनकारी राजेश्वरी देवी अश्वनी बहुगुणा योगेश मेहरा सहित तमाम कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर रायवाला थाना ले जाया गया और बाद में कुछ घंटे के अंतराल के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता विरोधी कार्यों को बढ़ावा दे रही है चयनित विश्वविद्यालय की भूमि पर कॉलेज ही बनना चाहिए ना कि यह भूमि किसी और के दिए जाने की साजिश की जाए। धरना दे रही राजेश्वरी देवी, अश्वनी बहुगुणा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चयनित भूमि में लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना नहीं की गई तो जनता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।
ब्लॉक अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि रानी पोखरी स्थित भूमि में लॉ कॉलेज बनाने को लेकर ग्रामीण धरना दे रहे थे जिनका समर्थन कांग्रेसी कर रहे है। कहा की शांतिपूर्ण इस धरने में भाजपा के इशारे पर पुलिस द्वारा उन्हें बलपूर्वक हटाए जाने का प्रयास किया गया जो पूरी तरह से लोकतंत्र की हत्या है।कांग्रेस नेता सागर मनवाल, सभासद गौरव मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा सरकार में तानाशाही चरम पर पहुंचने लगी है, आम जनता को अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूरन आंदोलन करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लॉ कॉलेज आवंटित की गई इस भूमि पर बनकर ही रहेगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से इस आंदोलन को और समर्थन दिए जाने की अपील की है। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, ग्राम प्रधान अनूप सिंह, नितिन चौहान, धीरज मणि तिवारी, शार्दुल नेगी, सहित तमाम लोगों को गिरफ्तार कर राय वाला ले जाया गया जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।



