
केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी, 4000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट और बैग
बर्फबारी और खराब मौसम के चलते एसडीआरएफ व NIM की टीम ने सुरक्षित स्थान पर बनाया कैंप
भास्कर इंडिया लाइव
उत्तरकाशी। केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स की तलाश में एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) का संयुक्त सर्च अभियान जारी है। अभियान के दौरान करीब 4000 मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के समीप लापता ट्रैकर्स का टेंट, बैग और अन्य सामान बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक ट्रैकर्स का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर दुर्गम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। क्षेत्र में लगातार बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण अभियान में बाधा आ रही है। सुरक्षा को देखते हुए टीम ने मौके पर ही कैंप स्थापित कर रात्रि विश्राम किया है। मौसम अनुकूल होने पर दोबारा सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।



