
डोईवाला महाविद्यालय में जीएसटी एड ऑन कोर्स का शुभारंभ
छात्र-छात्राओं को जीएसटी रिटर्न फाइलिंग का लाइव डेमो देकर दी व्यावहारिक जानकारी
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीएसटी (एड ऑन कोर्स)’ का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.पी. भट्ट की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अनुराग भंडारी ने जीएसटी पोर्टल पर लाइव डेमो के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जीएसटी रिटर्न फाइल करने की सरल एवं व्यावहारिक प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि जीएसटी ‘एक राष्ट्र, एक कर, एक बाजार’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक है।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शिव कुमार लाल ने कहा कि जीएसटी एक पारदर्शी कर व्यवस्था है, जिससे कर चोरी पर अंकुश लगाने और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष करों के बीच अंतर को कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक ईमानदारी से अपने कर दायित्वों का निर्वहन करे तो ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.पी. भट्ट ने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ते हैं। जीएसटी का प्रशिक्षण प्राप्त कर विद्यार्थी स्वरोजगार के साथ-साथ टैक्स कंसल्टेंट एवं अन्य वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में भी अपना करियर बना सकते हैं तथा दूसरों को रोजगार देने में सक्षम हो सकते हैं।
आईक्यूएसी अध्यक्ष डॉ. कंचन सिंह ने जीएसटी एड ऑन कोर्स को महाविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में वस्तु एवं सेवा कर बोर्ड ऑफ स्टडीज के सदस्य डॉ. वी.एस. पंवार एवं डॉ. अर्जुन रवि ने भी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम एवं जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
एक माह तक चलने वाले इस एड ऑन कोर्स में 80 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। पाठ्यक्रम के सफल समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. पूनम भूषण, डॉ. गुलनाज फातिमा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



