Blog

लेखक गांव महोत्सव में युवा संगम के प्रतिनिधियों ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई गणमान्य हस्तियों से युवाओं ने किया संवाद

भास्कर इंडिया लाइव

देहरादून/थानो। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करते हुए पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड पहुंचे ‘युवा संगम’ के प्रतिनिधिमंडल ने थानो स्थित अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव महोत्सव में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। महोत्सव में 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में युवाओं ने कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहित्यकारों और विचारकों से संवाद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘युवा संगम’ कार्यक्रम देश की विविधता में एकता को मजबूत करने के साथ युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ रहे हैं। डॉ. निशंक और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा ने भी ऐसे आयोजनों को युवाओं के सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय जुड़ाव के लिए महत्वपूर्ण बताया।

विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो. महावीर सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने युवा संगम के उद्देश्यों और विश्वविद्यालय की ओर से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।

आईआईटी खड़गपुर के प्राध्यापकों के साथ पहुंचे पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधियों ने इस आयोजन को ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता को समझने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम में एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय और आईआईटी खड़गपुर के संकाय सदस्य एवं समन्वयक भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!