
ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट कोजियस्को के आरोहण अभियान पर जा रहे एसडीआरएफ के मुख्य आरक्षी राजेंद्र नाथ को सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने फ्लैग ऑफ कर किया रवाना।
डोईवाला (चमन लाल)गुरुवार 26 मार्च 2025 को एसडीआरएफ वाहिनी जॉलीग्रांट से सेनानायक अर्पण यदुवंशी एसडीआरएफ ने ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट काेजियस्को के आरोहण हेतु जा रहे एसडीआरएफ के मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ का फ्लैग ऑफ किया।
मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ को उनके पर्वतारोहण अभियान के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि पर्वतारोहण एक साहसिक खेल है और उच्च हिमालय क्षेत्र में आपदा के दौरान पर्वतारोहण की टीम रेस्क्यू कार्य में बहुत सहायक साबित होती हैं l एसडीआरएफ के प्रत्येक सदस्य के लिए पर्वतारोहण का विशेष महत्व है इसलिए समय-समय पर पर्वतारोहण अभियानों में प्रतिभाग करने हेतु कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता है।
राजेन्द्र नाथ द्वारा पूर्व में भी अनेक कीर्तिमान हासिल किये गए है। इनके द्वारा विगत वर्षों में चंद्रभागा-13 (6264 मीटर), डीकेडी-2 (5670 मीटर), माउंट त्रिशूल (7120 मीटर) माउंट गंगोत्री प्रथम (6672 मीटर), माउंट श्रीकंठ (6133 मीटर), माउंट बलज्यूरी (5922 मीटर), माउंट बंदरपूंछ (5500 मीटर), यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुश(5642 मीटर), अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (5895 मीटर) व दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के अर्जेंटीना में स्थित सबसे ऊँची चोटी माउंट अंकोकागुआ (6961 मीटर) व नॉर्थ अमेरिका अलास्का की सबसे ऊंची चोटी माउंट देनाली (6190मीटर) को सफलतापूर्वक फतह कर देश व उत्तराखंड पुलिस का नाम रोशन किया गया है।
इस मौके पर एसडीआरएफ वाहिनी जॉलीग्रांट में उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी , सहायक सेनानायक शांतनु पाराशर, सहायक सेनानायक सुशील रावत, क्वार्टर मास्टर, एसडीआरएफ राजीव रावत उपस्थित रहे।



