मूलभूत सुविधाओं के विकास को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष से मिले मारखम ग्रांट के सदस्य

महिलाओ ने रखी विकास की मजबूत मांग
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला- (गुरुवार 11सितम्बर 2025)
मारखम ग्रांट के क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन और जसवीर कौर ने गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों सदस्यों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्रमुख मुद्दा बताते हुए विकास कार्यों को गति देने की मांग की।
क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन ने कहा कि ग्रामीणों को आज भी पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष से अनुरोध किया कि इन समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाए।
सदस्य जसवीर कौर ने शिक्षा व्यवस्था और महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं को मजबूती देने की बात कही। उनका कहना था कि गांव की तरक्की महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण से ही संभव है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना हमारी पहली जिम्मेदारी है। सुखविंदर कौर ने भरोसा दिलाया कि मारखम ग्रांट समेत पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा और किसी भी गांव को उपेक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।



