जनपद देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटनाओं के दृष्टिगत एसडीआरएफ द्वारा विभिन्न स्थानों पर त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
भास्कर इंडिया लाइव
*चमन लाल*
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने एसडीआरएफ की ओर से अब तक संपन्न हुए रेस्क्यू कार्यों एवं वर्तमान में चल रही कार्यवाहियों की जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की।
मंगलवार 16 सितम्बर 2025 को सूचना प्राप्त हुई ,कि कार्लीगाड़, देहरादून क्षेत्र में बादल फटने से मार्ग बाधित हो गया है। तेज बहाव और मलबे के कारण गाँव की ओर जाने वाले रास्ते टूट गए, जिससे कई लोग अपने घरों में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा व वाहिनी मुख्यालय से रेस्क्यू टीमें उपनिरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रास्ते में उफनते नाले और क्षतिग्रस्त सड़कें टीम के लिए बड़ी चुनौती बनीं, फिर भी जवान साहसपूर्वक पैदल मार्च करते हुए प्रभावित क्षेत्र तक पहुँचे। घटनास्थल पर पहुँचकर टीम ने परिस्थितियों का आकलन किया और अस्थायी पुल व रोप की मदद से गधेरा पार करने हेतु सुरक्षित मार्ग तैयार किया।
लगातार चले इस बचाव कार्य में एसडीआरएफ टीम ने लगभग 70 लोगों, जिनमें महिलाएँ, बुजुर्ग और छोटे बच्चे भी शामिल थे, को सकुशल निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया।



