लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कोतवाली ने निकाली रन फॉर यूनिटी, एसएसआई विनोद राणा के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च

भास्कर इंडिया लाइव
चमन लाल
डोईवाला – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को डोईवाला एकता और देशभक्ति के रंग में रंग गया। रन फॉर यूनिटी के तहत डोईवाला कोतवाली की ओर से एक भव्य पैदल मार्च का आयोजन किया गया, जिसने पूरे नगर में राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
यह मार्च कोतवाली परिसर से प्रारंभ होकर लच्छीवाला पुल तक निकाला गया। इस दौरान क्षेत्र के अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस कर्मी और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने हाथों में “एकता में शक्ति है”, “भारत माता की जय” और “लौह पुरुष अमर रहें” लिखी तख्तियां थामकर नारे लगाते हुए देशभक्ति का माहौल बनाया।
मार्च का नेतृत्व कोतवाली एसएसआई विनोद राणा ने किया। उनके नेतृत्व में निकले इस पैदल मार्च ने पूरे मार्ग पर जोश और अनुशासन का उदाहरण पेश किया।
एसएसआई राणा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस दृढ़ संकल्प और अदम्य इच्छाशक्ति से देश को एक सूत्र में बांधा, वह आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य युवाओं में एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाना है।
मार्च के अंत में पुलिस कर्मियों और बच्चों ने एकता की शपथ ली तथा लौह पुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित की I



