भव्य शोभायात्रा और श्रीराम राजतिलक के साथ अठूरवाला रामलीला का समापन

भास्कर इंडिया लाइव
चमन लाल
श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारों के बीच देखा मर्यादा पुरुषोत्तम का राजतिलक
डोईवाला- अठूरवाला में चल रही श्रीराम लीला का समापन मंगलवार को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक और भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। अठूरवाला सांस्कृतिक मंच समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु और दर्शक श्रद्धा एवं उत्साह से शामिल हुए।

समापन दिवस पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा मोलधार ग्राउंड से क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मोलधार ग्राउंड में संपन्न हुई। शोभायात्रा में श्रीराम दरबार की झांकियां, पुष्प सजे रथ और बैंड दल आकर्षण का केंद्र बने।
ग्राउंड में पहुँचने पर श्रीराम के राजतिलक समारोह का मंचन हुआ, जिसमें श्रीराम, सीता माता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जीवंत अभिनय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।
समिति द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कलाकारों, झांकी दलों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम डोभाल और महासचिव करतार नेगी ने कहा किअठूरवाला रामलीला हमारी संस्कृति की पहचान है। यह आयोजन समाज में एकता, मर्यादा और भक्ति का संदेश फैलाता है। अगले वर्ष इसे और भी भव्य स्वरूप देने का प्रयास रहेगा।
रामलीला निर्देशिका डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि रामलीला केवल मंचन नहीं, बल्कि जीवन का आदर्श पाठ है। श्रीराम के चरित्र से समाज को प्रेरणा लेकर मर्यादा और सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। इस मौके पर सचिव यशवंत सिंह गुसांईं, वीरेंद्र सिंह नेगी, केंद्रपाल तोपवाल, राकेश चौहान, कमल सिंह राणा, रणजीत सिंह,सुमेर सिंह नेगी बालेंद्र सजवान, विनोद कोटियाल बृजलाल, चतर सिंह राजेश कुंवर संजय चमोली दीपक नेगी आदि मौजूद रहे I



