
राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में डोईवाला महाविद्यालय का दबदबा, तरुण सभा में लगातार दूसरी बार प्रथम
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल 9 सितंबर 2026।
शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में बुधवार को विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग, उत्तराखंड शासन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की आयोजक एवं उत्तराखंड युवा संसद की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. राखी पंचोला रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग, उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव सहदेव सिंह तथा विशिष्ट अतिथि अपर सचिव अरविन्द कुमार रहे। इस अवसर पर उपसचिव पूरन गिरी, निदेशक उच्च शिक्षा के प्रतिनिधि डॉ. प्रमोद डोबरियाल, उपनिदेशक माध्यमिक रमेश तोमर, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेश भट्ट सहित विभिन्न जनपदों से आए नोडल अधिकारी, प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेश भट्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
तरुण सभा में डोईवाला महाविद्यालय फिर प्रथम
कार्यक्रम में सत्र 2025-26 की तरुण सभा एवं किशोर सभा प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। अपर सचिव अरविन्द कुमार ने बताया कि तरुण सभा प्रतियोगिता में शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया।
तरुण सभा में रामचन्द्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी ने द्वितीय, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर ने तृतीय, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर ने चतुर्थ तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में राज्य के 13 जनपदों के 76 महाविद्यालयों में युवा संसद/तरुण सभा का आयोजन किया गया।
किशोर सभा में हरिद्वार का विद्यालय प्रथम
किशोर सभा प्रतियोगिता में पी.एम. श्री राजकीय महाविद्यालय, भौरी, रुड़की (हरिद्वार) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डोभालवाला, देहरादून द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय, मैठाना दशोली तृतीय स्थान पर रहा। राजकीय इंटर कॉलेज, दूनाकोट, पिथौरागढ़ ने चतुर्थ और पी.एम. श्री राजकीय महाविद्यालय, बागेश्वर ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेश भट्ट ने कहा कि युवा संसद केवल प्रतियोगिता या मंचन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं की समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
राज्य नोडल अधिकारी डॉ. राखी पंचोला ने प्रतिभागियों को राज्य, जिला, महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर पर युवा संसद के आयोजन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा संसद विद्यार्थियों में संसदीय कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के साथ नेतृत्व एवं तार्किक अभिव्यक्ति की क्षमता को भी मजबूत करती है।
निदेशक उच्च शिक्षा के प्रतिनिधि डॉ. प्रमोद डोबरियाल ने कहा कि युवा संसद में अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ स्थानीय एवं क्षेत्रीय समस्याओं को भी प्रमुखता दी जानी चाहिए। इससे विद्यार्थी अपने आसपास की समस्याओं को समझकर लोकतांत्रिक तरीके से उनके समाधान के लिए अपनी बात रखना सीखेंगे।
मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव सहदेव सिंह ने कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों में से एक है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को राज्य की प्रगति, विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को भविष्य में भी सक्रिय रूप से ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
52 सर्वश्रेष्ठ युवा सांसदों औरनोडल अधिकारियों का सम्मान
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं संबंधित अधिकारियों को सम्मानित किया गया।20 जनपदीय नोडल अधिकारियों तथा 52 सर्वश्रेष्ठ युवा सांसदों को भारत सरकार की नियमावली के अनुरूप प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
विभिन्न जनपदों से आए नोडल अधिकारियों ने अपने छात्र-छात्राओं के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। देहरादून की जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंजली वर्मा, हरिद्वार के नोडल अधिकारी गजेन्द्र सिंह, ऊधमसिंह नगर के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. अजीत सिंह सहित टिहरी, पौड़ी एवं अन्य जनपदों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमालय संरक्षण की शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर हिमालय दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित सभी लोगों को हिमालय के संरक्षण, संवर्धन एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ प्रभारी विधि प्रकोष्ठ डॉ. राजकुमारी भंडारी ने दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन राज्य नोडल अधिकारी डॉ. राखी पंचोला ने किया। समारोह में विभिन्न जनपदों से आए छात्र-छात्राओं, नोडल अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं अतिथियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।
समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली, नेतृत्व क्षमता, तार्किक अभिव्यक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करना रहा। पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।



