आपदा में तारबाड़ टूटने से आबादी में घुसा टस्कर हाथी
अठूरवाला के सुनार गांव में दहशत

भास्कर इंडिया लाइव
चमन लाल
डोईवाला – डोईवाला क्षेत्र में शुक्रवार रात को एक टस्कर हाथी के आबादी क्षेत्र में घुस आने से ग्रामीणों में अफरा–तफरी मच गई। लगातार बरसात से जंगल किनारे बनी तारबाड़ कई जगहों पर टूट गई है, जिससे हाथियों की आवाजाही तेज हो गई है।
अठूरवाला के सुनार गांव में अचानक हाथी के पहुंचने से लोग भयभीत होकर घरों के अंदर दुबक गए। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय हालात और ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं, क्योंकि अंधेरे में हाथियों की गतिविधि बढ़ जाती है।
सभासद प्रदीप नेगी जेटली ने कहा कि गांव के लोग लगातार दहशत में रातें गुजार रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जंगल की ओर मजबूत और गहरी खाई तुरंत खोदी जाए, ताकि हाथियों का रास्ता पूरी तरह बंद किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन और विभाग को ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
बड़कोट रेंज वन क्षेत्राधिकारी धीरज रावत ने बताया कि लगातार बारिश से कई स्थानों पर तारबाड़ कमजोर हुई है और उसे प्राथमिकता पर दुरुस्त किया जा रहा है। टीमें शुक्रवार रात से ही क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। हाथियों की गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही अतिरिक्त बैरियर तथा रोकथाम उपाय किए जाएं I



