रामगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 350 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जाँच

एसजीआरआर अस्पताल की टीम ने बच्चों व क्षेत्रवासियों को दी चिकित्सा सेवाएँ और दवाएँ
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला -राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आज श्री महंत इंद्रेश अस्पताल (एसजीआरआर) द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के 117 छात्र-छात्राओं सहित क्षेत्र के 250 से अधिक लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जाँच कर आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
आरएचटीसी मोथरोवाला के प्रभारी डॉ. राहुल शर्मा की अगुवाई में डॉ. सत्यशील (जनरल मेडिसिन), डॉ. परिजात रौथाण (बाल रोग), डॉ. दिव्या अग्रवाल (स्त्री रोग) और फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. विशाल कुमार की टीम ने वजन, बीपी, शुगर सहित अन्य जांचें कर जरूरी दवाएँ वितरित कीं। बच्चों को मल्टीविटामिन एवं सर्दी-जुकाम की दवाएँ भी दी गईं। फिजियोथैरेपी टीम ने जोड़ों तथा कमर दर्द से राहत हेतु योग के आसनों की जानकारी दी और बच्चों व क्षेत्रवासियों को योग करवाया।
क्षेत्रीय पार्षद सोबत चन्द्र रमोला ने स्वास्थ्य शिविर को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे दूरस्थ क्षेत्रवासियों को घर के पास ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल पाता है। अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी सुभाष रमोला ने बताया कि एसजीआरआर अस्पताल समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित करता है।
इस मौके पर प्रधानाचार्य अरविंद सिंह सोलंकी, हेल्थ इंस्पेक्टर प्रमोद सिंह कन्याल व मंजू भट्ट, टेक्नीशियन अंकित सती, फार्मासिस्ट प्रियंका पैन्यूली, स्टाफ नर्स समता व रंजना आदि मौजूद रहे I



