
श्रीमती निवेदिता कुकरेती, आईपीएस द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक, एसडीआरएफ का कार्यभार ग्रहण
भास्कर इंडिया लाइव
सोमवार 15 दिसम्बर 2025 को
डोईवाला श्रीमती निवेदिता कुकरेती,आईपीएस ने सरदार पटेल भवन, देहरादून स्थित एसडीआरएफ कार्यालय में पुलिस उपमहानिरीक्षक, एसडीआरएफ उत्तराखंड के पद का औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण के उपरांत सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक, एसडीआरएफ श्रीमती निवेदिता कुकरेती से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की गई। इस अवसर पर सेनानायक द्वारा उन्हें एसडीआरएफ की संगठनात्मक संरचना, कार्यप्रणाली, वर्तमान तैनाती, उपलब्ध संसाधनों, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा राज्य में आपदा प्रबंधन से जुड़ी प्रमुख गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, एसडीआरएफके अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी श्रीमती निवेदिता कुकरेती, आईपीएस से भेंट कर अपने-अपने कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों तथा संचालित अभियानों के संबंध में अवगत कराया गया। अधिकारियों के साथ हुए संवाद के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशनों की चुनौतियों, भविष्य की आवश्यकताओं एवं समन्वयात्मक कार्यप्रणाली पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती निवेदिता कुकरेती, आईपीएस ने कहा कि एसडीआरएफ राज्य की एक महत्वपूर्ण आपदा प्रतिक्रिया इकाई है, जिसकी भूमिका प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने आपदा के समय त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी रेस्क्यू सुनिश्चित करने, आधुनिक तकनीक एवं नवीन उपकरणों के अधिकतम उपयोग, जवानों के सतत प्रशिक्षण, क्षमता संवर्धन तथा मनोबल को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल देने की बात कही। साथ ही उन्होंने अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



