बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल को भारी नुकसान

लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, मुआवजे की मांग तेज
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला — क्षेत्र में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। बीते दिनों हुई बारिश से जहां खेतों में खड़ी फसल गिर गई थी, वहीं मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश ने गिरी हुई फसल को और अधिक नुकसान पहुंचा दिया। खेतों में पानी भरने और अत्यधिक नमी के कारण दाने अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि इस समय फसल पूरी तरह पककर कटाई के लिए तैयार थी। अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। कई गांवों में खेतों में गेहूं पूरी तरह चौपट हो गई है, जिससे कटाई में भी परेशानी आ रही है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो नुकसान और बढ़ सकता है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि बेमौसम बारिश से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मारखम ग्रांट के प्रधान परविंदर सिंह बाउ ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश किसानों की गेहूं की फसल जमीन पर गिर चुकी है। लगातार बारिश से फसल सड़ने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने भी प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर किसानों को राहत देने और नुकसान की भरपाई करने की मांग की।
किसानों का कहना है कि पहले ही बढ़ती लागत और कम दामों से वे परेशान हैं, ऐसे में बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना जताए जाने से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।



