चारधाम यात्रा–2026 के दृष्टिगत राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला जौलीग्रांट मुख्यालय 10 अप्रैल 2026 को आगामी चारधाम यात्रा–2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु उत्तराखंड राज्य में व्यापक स्तर पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदा परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आंकलन करना रहा।
मॉक ड्रिल का आयोजन चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों एवं संवेदनशील स्थलों पर किया गया, जहां SDRF सहित अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का यथार्थपरक अभ्यास किया।
श्रीमती निवेदिता कुकरेती, पुलिस महानिरीक्षक SDRF, उत्तराखंड के मार्गदर्शन एवं श्री अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के निर्देशन में SDRF की 22 टीमों ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में प्रतिभाग किया। इस दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होना, यातायात बाधित होना, मार्ग बहाव में यात्रियों का फँसना, अग्निकांड, अतिवृष्टि, बादल फटना, बाढ़, भूकंप, भगदड़, हेलीकॉप्टर दुर्घटना एवं सड़क दुर्घटनाओं जैसी विभिन्न आपदा परिस्थितियों पर प्रभावी रेस्क्यू एवं राहत कार्यों का सफल अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान SDRF ने NDRF, ITBP,आर्मी,फायर सर्विस, जिला प्रशासन, सिविल पुलिस, एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य एजेंसियों के साथ उत्कृष्ट समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से कार्य किया तथा आपदा की स्थिति में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित निकालने की क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं, जहां किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक होती है। इस प्रकार की मॉक ड्रिल SDRF की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता एवं बहु-एजेंसी समन्वय क्षमता का सशक्त मूल्यांकन प्रस्तुत करती है। यह अभ्यास आगामी यात्रा से पूर्व तैयारियों की प्रभावी झलक है।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान संभावित आपदाओं की स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जा सके।



