
*पूर्व सैनिकों का त्याग और अनुशासन ही भारत की सुरक्षा की नींव है: त्रिवेन्द्र*
भास्कर इंडिया लाइव
हरिद्वार, 12 अप्रैल। देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति द्वारा श्री गुरु मंडल आश्रम (देवपुरा चौक के निकट) में वार्षिक समारोह बड़े ही धूमधाम और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के जयघोष के साथ हुआ। इस अवसर पर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने भी देशभक्ति गीतों के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह में नई ऊर्जा भर दी। इस अवसर पर उन्होंने वीर नारियों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में सांसद श्री रावत ने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं—उनका त्याग, समर्पण और अनुशासन भारत की सुरक्षा और शक्ति की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज देश के सैनिकों को वह सम्मान और सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं, जिनके वे वास्तविक हकदार हैं, जिससे सेना और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनी है।
उन्होंने कहा कि एक जनसेवक के रूप में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, कल्याण एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता रही है। देवभूमि उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां लगभग हर परिवार का संबंध राष्ट्र सेवा से जुड़ा है, ऐसे में पूर्व सैनिकों का सम्मान करना हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि गौरव भी है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महंत श्री रवींद्र पुरी जी एवं महंत श्री जसविंदर सिंह कोठारी शास्त्री जी सहित संत समाज के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनका समिति को मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। वरिष्ठ समाजसेवी श्री जगदीश लाल पावा जी ने भी अपने आशीर्वचन प्रदान किए।
इस दौरान समिति में नए सदस्यों का पटका एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया, वहीं वरिष्ठ पूर्व सैनिक दंपतियों को माला एवं शॉल ओढ़ाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में देहरादून, डोईवाला, रायवाला, लालढांग, पथरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
समारोह का समापन समिति के अध्यक्ष श्री दिनेश चंद्र सकलानी जी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने दूर-दूर से आए पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से संगठित एवं एकजुट रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री योगेंद्र पुरोहित, बी एस शर्मा, पी सी भट्ट, शिव नंदन, मुकेश चंदोलिया, जितेंद्र असवाल, शंभू बैठा, बीडी शर्मा ,रणवीर सिंह, ओम प्रकाश थापा, सतेश्वर बडोनि, इंद्र मोहन रावत, बलबीर सिंह ,कोमल सिंह राठौर, प्रवेश कुमार, दुर्गा बहादुर थापा, श्री चंद, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे



