
देहरादून में यूरिया-डीएपी का कोटा तय, अब 2 की जगह प्रति किसान 7 बैग यूरिया मिलेगा,
मुख्य कृषि अधिकारी ने जारी किए निर्देश, कालाबाजारी रोकने को वितरण पर निगरानी सख्त
डोईवाला- किसानों को हो रही खाद की समस्या को लेकर डोईवाला व अन्य क्षेत्रों के किसान का प्रतिनिधि मंडल सरदार परमजीत सिंह एवं प्रदेश प्रभारी उषा तोमर के नेतृत्व में देहरादून के मुख्य कृषि अधिकारी से मिल, किसानों को हो रही खाद की समस्याओं को लेकर कृषि निदेशालय उत्तराखंड के द्वारा किए गए आदेश को जनपद देहरादून के किसानों के हित में प्रत्येक समिति के लिए तत्काल लागू कराया।
जिले में यूरिया और डीएपी की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने खाद वितरण का कोटा तय कर दिया है। मुख्य कृषि अधिकारी, देहरादून ने आदेश जारी कर कहा है कि अब 2 बेग की जगज प्रति किसान को 07 बैग यूरिया और 03 बैग डीएपी/एनपीके से अधिक खाद बिना अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्य कृषि अधिकारी ने जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां और सहायक गन्ना आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि वे सभी सहकारी समितियों, गन्ना विकास समितियों और किसान समितियोंवको ये निर्देश लागू कराएं। साथ ही कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी चकराता, सहसपुर और रायपुर को रोजाना निगरानी रिपोर्ट मुख्य कार्यालय भेजने को कहा गया है।
कृषि निदेशालय के निर्देश के बाद ये कदम उठाया गया है। पिछले सीजन में शिकायतें मिली थीं कि कुछ लोग ज्यादा मात्रा में खाद लेकर कालाबाजारी कर रहे थे, जिससे जरूरतमंद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही थी।
सभी किसान खाद लेने जाते समय आधार कार्ड और खतौनी साथ ले जाएं। कोटे से ज्यादा खाद चाहिए तो पहले कृषि विभाग से अनुमति लेनी होगी। इस दौरान किसान हरेन्द्र वालियान, गुरदीप सिंह, रंजीत सिंह, हरविंदर सिंह, महेंद्र सिंह, अब्दुल खालिद आदि मौजूद रहे।



