
डोईवाला में हुई आम आदमी पार्टी की जनसभा, दिल्ली विधायक महेंद्र यादव बोले- भाजपा से त्रस्त है जनता
जिलाध्यक्ष गणेश कुड़ियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला- (चमन लाल सोमवार 25 मई 2026)
जैसे जैसे आगामी विधान सभा चुनाव नजदीक आ रहे है, वैसे ही राजनीतिक दल भी चुनाव तैयारियों में जुट चुके हैं। आम आदमी पार्टी देहरादून द्वारा शुक्रवार को रेशम माजरी में जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष गणेश कुड़ियाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के विधायक एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव मौजूद रहे।

इस दौरान देहरादून जिले की डोईवाला, ऋषिकेश, धर्मपुर, रायपुर सहित कई विधानसभाओं से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। जनसभा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष गणेश कुड़ियाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और महंगाई एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे जनमुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आप सरकार के जनहित के कामों को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। कुड़ियाल ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर संगठन को अवगत कराने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि दिल्ली विधायक महेंद्र यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा अहंकारी पार्टी है, जिससे जनता पूरी तरह त्रस्त है। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी से पूरे प्रदेश में युवा लगातार जुड़ रहे हैं। ओर जिस तरह केंद्र सरकार युवाओं के साथ छलावा कर रही है, उसका नतिजा नए दल के फोलोवर्स देखकर लगाया जा सकता है। जो कि नेपाल की तरह जेन-जी आंदोलन जैसा संकेत है।
आप नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी जोर दिया। जनसभा में कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं और सुझाव रखे।
कार्यक्रम में आप जिलाध्यक्ष गणेश कुड़ियाल, दिल्ली विधायक एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव, प्रदेश सह प्रभारी अजय गोर, समन्वयक श्याम बाबू पांडेय, डोईवाला प्रभारी अशोक सेमवाल, दीप्ति रावत बिष्ट, शशि थापा, रेखा सिंह, गौरव खत्री, अरुण बिष्ट, रविन्द्र कुमार, डी.के. पोल, हकीमू, अनूप पाल, उमा सिसोदिया, अनुज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



