
*क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीलंका के सिविल सर्वेंट्स ने किया एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट का अध्ययन भ्रमण*
भास्कर इंडिया लाइव
देहरादून, 01 जून 2026
अर्पण यदुवंशी, कमांडेंट एसडीआरएफ के मार्गदर्शन में सोमवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (NCGG) द्वारा आयोजित क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीलंका से आए 39 सिविल सर्वेंट्स के प्रतिनिधिमंडल का अध्ययन भ्रमण संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इसी कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीलंका के दो प्रतिनिधिमंडल एसडीआरएफ मुख्यालय का भ्रमण कर चुके हैं तथा एसडीआरएफकी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं एवं आपदा प्रबंधन क्षमता की मुक्तकंठ से सराहना कर चुके हैं।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल को एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन की रणनीतियों, खोज एवं बचाव (Search & Rescue) तकनीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में संचालित किए जाने वाले राहत एवं बचाव अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उत्तराखंड राज्य में एसडीआरएफ द्वारा संचालित विभिन्न आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव अभियानों तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए सफल ऑपरेशनों से भी उन्हें अवगत कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीआरएफ के आधुनिक प्रशिक्षण संसाधनों, पेशेवर दक्षता तथा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में विकसित प्रभावी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने एसडीआरएफ द्वारा आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया, अत्याधुनिक उपकरणों के उपयोग तथा मानव जीवन की सुरक्षा हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे एक अनुकरणीय संस्था बताया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि एसडीआरएफ का अनुभव एवं कार्यप्रणाली आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अन्य देशों के लिए भी उपयोगी एवं प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट श्री शुभांक रतूड़ी, इंस्पेक्टर ट्रेनिंग श्री प्रमोद रावत, श्री बिनय भूषण गढ़नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



