
*डोईवाला: मदद करने का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदला, खाते से 1.45 लाख रुपये उड़ाए*
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला (चमन लाल शनिवार 27जून 2026)
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मियांवाला स्थित पीएनबी के एटीएम में धनराशि निकालने पहुंची एक महिला का अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद महिला के बैंक खाते से 1.45 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता राखी सकलानी निवासी श्रीदेव सुमन कॉलोनी, बालावाला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 जून को वह मियांवाला स्थित पीएनबी एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने पहुंची थीं। एटीएम में कार्ड डालने के बाद खाते से रकम कट गई, लेकिन नकदी बाहर नहीं आई। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर राशि वापस खाते में जमा होने का संदेश आया।
इसी दौरान करीब 50 से 55 वर्ष का एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम के भीतर आया और मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। अगले दिन 25 जून को उनके मोबाइल पर खाते से 1.45 लाख रुपये निकलने का संदेश आया। इसके बाद उन्हें पता चला कि उनका एटीएम कार्ड बदल दिया गया था।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, अज्ञात आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।




