
डोईवाला में सड़कों पर घूम रहे सात निराश्रित गोवंश पकड़े, गौशाला भेजे
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल
नगर क्षेत्र में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए नगर पालिका की ओर से अभियान चलाया गया। शनिवार को नगर पालिका की टीम ने कैटल कैचर की मदद से विभिन्न स्थानों से सात निराश्रित गोवंशों को पकड़कर रायपुर स्थित मां रुक्मणी गौ सेवा सदन की गौशाला में भेजा।
नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों की टीम ने मुख्य बाजार सहित नगर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। पकड़े गए सभी गोवंशों को सुरक्षित तरीके से पहुंचाया गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर नगर क्षेत्र में निराश्रित घूम रहे गोवंशों को पकड़ने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा चिह्नित स्थानों पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जनसुरक्षा नगर पालिका की प्राथमिकता है। सड़कों पर निराश्रित गोवंशों के घूमने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में गोवंशों को पकड़कर सुरक्षित गौशाला पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।



