
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में जिप्सम फॉल्स सीलिंग का हिस्सा गिरा, पानी के रिसाव से हुआ नुकसान
भास्कर इंडिया लाइव
देहरादून चमन लाल
एयरपोर्ट। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की टीम ने आज सुबह करीब 6 बजे नियमित निरीक्षण के दौरान टर्मिनल भवन के अराइवल एरिया के मेजेनाइन फ्लोर पर जिप्सम फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया। इस दौरान छत से पानी का रिसाव भी देखा गया।
निरीक्षण के बाद एएआई की मेंटेनेंस टीम ने तत्काल पानी के रिसाव के कारणों की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि फर्स्ट सिक्योरिटी होल्ड एरिया में लगे एक वाटर फाउंटेन को पेयजल आपूर्ति करने वाली पानी की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके कारण रातभर पानी का रिसाव होता रहा और जिप्सम फॉल्स सीलिंग के एक छोटे हिस्से में पानी फैल गया। पानी भरने के कारण सीलिंग का वह हिस्सा कमजोर होकर अराइवल एरिया के प्रथम तल पर गिर गया।
एएआई की मेंटेनेंस टीम द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना का एयरपोर्ट के दैनिक संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
फ्लाइट ऑपरेशन पूरी तरह सामान्य हैं और सभी उड़ानें निर्धारित रूप से संचालित हो रही हैं।



