
लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास लगा विशाल शिव कांवड़ भंडारा, सेवा में जुटे सेवादार
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल
लच्छीवाला टोल प्लाजा के समीप शिव कांवड़ सेवा समिति डोईवाला के तत्वावधान में विशाल शिव कांवड़ भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, चिकित्सा सुविधा और विश्राम सहित विभिन्न सेवाओं की व्यवस्था की गई।
भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा की थकान दूर करने के लिए श्रद्धालुओं के लिए विश्राम की व्यवस्था की गई, वहीं जरूरतमंद कांवड़ियों को चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सेवादार पूरे उत्साह के साथ कांवड़ियों की सेवा में जुटे रहे।
भंडारे के दौरान भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह शिवमय बना दिया। भजनों पर शिव भक्त झूमते नजर आए। वहीं, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
शिव कांवड़ सेवा समिति के सदस्यों और सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान अनिल घई, संजय गुप्ता, अंकित चौहान, शोभित श्रीवास्तव, चिराग यादव, उपकार अग्रवाल, कस्तूरबानन्द जोशी, मनीष धीमान, भानू प्रताप गुप्ता, संदीप रस्तोगी, ऋषि अग्रवाल, संजय शर्मा, सुदेश देवी, शिखा अग्रवाल, निकिता गुप्ता, महेश मिश्रा, विजय शर्मा, आशुतोष लोधी, प्रशांत बैरवान, शिवम वर्मा, सचिन लोधी, वैभव जिंदल सहित बड़ी संख्या में सेवादार मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। समिति का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में सेवा, सहयोग और श्रद्धा की भावना को बढ़ावा देना है।



