
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े पीआईसी डोईवाला के छात्र-छात्राएं
बालिका सुरक्षा, वीआईपी संस्कृति खत्म करने और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर विद्यार्थियों ने रखे बेबाक विचार
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल
पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला के छात्र-छात्राएं मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विचारों को सुना। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रदेश और राष्ट्र से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे और अपने विचार भी साझा किए।
विद्यार्थियों ने कहा कि राज्य का विकास आवश्यक है, लेकिन विकास की कीमत प्रकृति के स्वरूप को बिगाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण एवं हरियाली के संरक्षण, बालिका सुरक्षा तथा वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें एक दिन का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर उनकी प्राथमिकताओं के बारे में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने अपने-अपने दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षणऔर सामाजिक सरोकारों से जुड़े सुझाव दिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के विचारों और विद्यार्थियों के साथ हुए संवाद से छात्र-छात्राएं सीधे तौर पर लाभान्वित हुए। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों को समझने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम समन्वयक शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने बताया कि 10 अगस्त से मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम अभियान का शुभारंभ हो चुका है। अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जोड़ा जा रहा है। अभियान का समापन 16 सितंबर को होगा।
इस अवसर पर सह-समन्वयक मयंक शर्मा, वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, पूजा जोशी, विवेक बधानी, तेजवीर सिंह, राधा गुप्ता, श्यामानंद, अर्चना पाल, अनीता बलोदी, विदुषी शर्मा, आफरीन अंसारी, नीलम, गौरव रावत एवं चेतन प्रसाद कोठारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



