
शहीद दुर्गामल्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एलुमनाई एसोसिएशन की बैठक, छात्रहित में विभिन्न कार्यक्रमों पर बनी सहमति
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल 10 अगस्त 2026।
शहीद दुर्गामल्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के एलुमनाई एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से Google Meet के जरिए आयोजित की गई।
बैठक में महाविद्यालय की ओर से डॉ. अंजली वर्मा एवं डॉ. वी. एस. पंवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने सभी पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए एलुमनाई एसोसिएशन की भूमिका, उद्देश्यों, दायित्वों तथा आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी साझा की।
बैठक में पवन तिवारी, मुकेश कृषाली, डॉ. दीपशिखा, आयुष उनियाल, दिव्यांशु जोशी, सिद्धांत बहुगुणा, अनुज बिष्ट, शिवम शर्मा एवं कोमल सहित कई पूर्व छात्रों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए महाविद्यालय से जुड़ी पुरानी स्मृतियां और अनुभव साझा किए। साथ ही महाविद्यालय एवं वर्तमान विद्यार्थियों के हित में विभिन्न रचनात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
एलुमनाई सदस्य मुकेश कृषाली ने आपदा प्रबंधन, रक्तदान एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। वहीं पूर्व छात्रा डॉ. दीपशिखा ने विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित करने की पहल रखी, ताकि छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा, रोजगार एवं भविष्य के कैरियर विकल्पों के संबंध में उचित मार्गदर्शन मिल सके।
बैठक में पवन तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने भी एलुमनाई एसोसिएशन को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, पूर्व छात्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा महाविद्यालय से निरंतर जुड़े रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। दिव्यांशु जोशी, आयुष उनियाल, सिद्धांत बहुगुणा सहित अन्य सदस्यों ने भी छात्रहित एवं महाविद्यालय के विकास से जुड़े कई उपयोगी सुझाव रखे।
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पूर्व छात्र महाविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एलुमनाई एसोसिएशन के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन, कैरियर संबंधी जानकारी, सामाजिक गतिविधियों तथा विभिन्न व्यावहारिक अवसरों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
समग्र रूप से बैठक आत्मीय, सकारात्मक एवं विचारोत्तेजक रही। सभी सदस्यों ने महाविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने तथा शैक्षणिक, सामाजिक एवं छात्रोपयोगी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



