‘
हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत डोईवाला में निकली भव्य तिरंगा रैली
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा जिला ऋषिकेश के तत्वावधान में मंगलवार को डोईवाला नगर क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए।
‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा डोईवाला राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रैली का शुभारंभ ऋषिकेश रोड स्थित बालाजी फार्म से हुआ। यहां से रैली केशवपुरी, राजीवनगर, मिल बाजार, मिल रोड और चौक बाजार होते हुए डोईवाला खंड विकास कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रैली में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से तिरंगे का सम्मान करने और देश की प्रगति एवं एकता में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाया जा रहा यह अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि तिरंगे का सम्मान देश के सम्मान से जुड़ा है। महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से राष्ट्रभक्ति का संदेश और अधिक मजबूत होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का परिचायक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
रैली में राज्य मंत्री सुभाष बर्थवाल, कार्यक्रम संयोजक विनय कंडवाल, ममता नयाल, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अमित कुमार, जसविंदर सिंह डाली, प्रकाश कोठारी, ललित पंत, पूनम तोमर, मनीष छेत्री, सौरव पाल, विक्रम सिंह नेगी, मनमोहन नौटियाल, राममूर्ति देवी, चंदन जायसवाल सहित सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



