
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अराजक तत्व कहे जाने के विरोध में डोईवाला में कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमन लाल 12 अगस्त 2026।
भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार शाम डोईवाला चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर ‘अराजक तत्व’ कहे जाने पर भी नाराजगी जताई।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि 8 अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में आयोजित विशाल रैली को संबोधित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरकार के दबाव में नैनीताल पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोका गया और उन्हें परेशान किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस के कार्यक्रमों और रैलियों को प्रभावित करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण ढंग से अपने कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है। सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर राजनीतिक कार्यक्रमों को बाधित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में नगर महासचिव दीपक प्रजापति, प्रवीण सैनी, संजीव भट्ट, साजिद अली, अमित सैनी, संतोष तोमर, रेखा कांडपाल, गौरव बिष्ट, मेहताब अली, मोहित कुमार, एसपी बहुगुणा, नवनीत प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



