
डोईवाला के शेड अस्पताल के डायलिसिस सेंटर में चोरी, बिजली उपकरण और कैमरे उखाड़ ले गए चोर
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
शेड अस्पताल में निप्रो प्लस द्वारा संचालित डायलिसिस सेंटर में चोरों ने धावा बोलकर पानी के फिल्टर, मोटर, बिजली के उपकरण, एसी के कॉपर पाइप और सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरों ने उपकरणों को उखाड़ने के दौरान सेंटर को काफी नुकसान भी पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, डायलिसिस सेंटर का स्टाफ सुबह करीब छह बजे अस्पताल पहुंचा। सेंटर का सिस्टम ऑन करने पर तकनीकी दिक्कत सामने आई। कर्मचारियों ने जब जांच की तो पीछे की ओर पानी की मोटर, फिल्टर, वाटर सिस्टम, बिजली की वायरिंग और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त मिले। जांच के दौरान चोरी की घटना का पता चला।
निप्रो प्लस के मैनेजर गौरव चौधरी ने बताया कि सेठ अस्पताल में डायलिसिस सेंटर करीब एक वर्ष से संचालित हो रहा है। घटना के संबंध में थाने में तहरीर दे दी गई है। चोरी के कारण कुछ समय के लिए डायलिसिस सेंटर का काम प्रभावित हुआ, लेकिन आवश्यक व्यवस्था करने के बाद सेवाएं सुचारू कर दी गई हैं।
वहीं, शेड अस्पताल के प्रबंधक डॉ. महेश चंद्र जुगराण ने बताया कि अस्पताल के पीछे की ओर स्थित दोनों गेट खुले मिले। चोर एसी के कॉपर पाइप, मोटर की तारें, बिजली का एमसीबी बोर्ड और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि चोर मोटर को निकालने में सफल नहीं हो पाए, जबकि वाटर कूलर बड़ा होने के कारण उसे भी नहीं ले जा सके।
डॉ. जुगराण के मुताबिक, डायलिसिस सेंटर सुबह आठ बजे खुलता है और स्टाफ छह बजे ही पहुंच गया था। सिस्टम शुरू करने के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने पर कर्मचारियों ने जांच की, तब चोरी का पता चला। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।



