
परवादून कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक सम्पन्न
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त कार्यकारिणी की पहली बैठक डोईवाला ब्लॉक सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डोईवाला ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव गौरव सिंह ने की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा हुई।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने पदाधिकारियों से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने की अपील की।
बैठक के अंत में पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन तथा ऋषिकेश में बिजली विभाग की लापरवाही से मां-बेटी की मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा, नीरज त्यागी, प्रदेश सचिव राकेश सिंह सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



