
डोईवाला में चोरी का 8 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
दुकान का शटर और कांच का दरवाजा तोड़कर चोरी की थी नगदी, आरोपी के कब्जे से 2,500 रुपये बरामद
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। डोईवाला क्षेत्र में दुकान का शटर और कांच का दरवाजा तोड़कर चोरी करने के मामले का दून पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 2,500 रुपये की नगदी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आठ आपराधिक अभियोग दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को मुकेश चौहान पुत्र स्व. मोहन सिंह निवासी डोईवाला ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि गणपति गार्डन, भानियावाला के पास स्थित उनकी दुकान का शटर और कांच का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर दुकान में रखी नगदी चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा संख्या 243/26, धारा 305ए/331(4) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्रों और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
पुलिस को मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर 16 अगस्त को चोर पुलिया, भानियावाला-जौलीग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान घटना में शामिल आरोपी राजू रावत रावत, पुत्र भूपेन्द्र रावत, निवासी केशवपुरी बस्ती, कोतवाली डोईवाला, देहरादून, उम्र करीब 30 वर्ष।गिरफ्तार लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 2,500 रुपये की नगदी बरामद हुई।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे तथा अपनी अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में आठ आपराधिक अभियोग पंजीकृत हैं



