
राज्य आंदोलनकारियों को चिकित्सा सुविधाओं में रियायत देने की मांग
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल ।
राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल ने हिमालयन हॉस्पिटल ट्रस्ट, जौलीग्रांट के अध्यक्ष विजय धस्माना से मुलाकात कर राज्य आंदोलनकारियों को उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में रियायत देने का अनुरोध किया।
इस दौरान सुभाष बड़थ्वाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी अब उम्र के उस पड़ाव पर पहुंच चुके हैं, जहां उन्हें आए दिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक योगदान रहा है। ऐसे में राज्य सरकार के साथ-साथ प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों का भी दायित्व बनता है कि राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में यथासंभव रियायत प्रदान की जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में राज्य आंदोलनकारियों के लिए अलग सहायता एवं पंजीकरण काउंटर की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही उपचार, जांच और चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में भी यथासंभव रियायत दी जानी चाहिए, ताकि बुजुर्ग राज्य आंदोलनकारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
बड़थ्वाल ने उम्मीद जताई कि हिमालयन हॉस्पिटल ट्रस्ट इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए राज्य आंदोलनकारियों को चिकित्सा सुविधाओं में राहत प्रदान करेगा।
इस अवसर पर डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, शांति कोठारी, संजय चिनालिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



