
मायापुर–पीपलकोटी टनल में एसडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, लगातार निकाला जा रहा पानी
भास्कर इंडिया लाइव
चमोली, 17 अगस्त 2026।
मायापुर–पीपलकोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। संयुक्त रेस्क्यू टीमों द्वारा विपरीत परिस्थितियों के बीच टनल के भीतर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरी तत्परता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
संयुक्त रेस्क्यू टीम के प्रभारी निरीक्षक कर्ण सिंह ने बताया कि टनल के भीतर जमा पानी को लगातार बाहर निकाला जा रहा है। टनल के अंदर काफी दलदल होने के कारण रेस्क्यू टीमों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, इसके बावजूद अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
एसडीआरएफ पूर्व की टीमें टनल के अंदर लगातार सर्चिंग कर रही हैं। उपलब्ध संसाधनों और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से संभावित स्थानों पर गहनता से खोजबीन की जा रही है। वहीं, एसडीआरएफ समेत सभी संयुक्त रेस्क्यू एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।
रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए चरणबद्ध तरीके से सर्चिंग की जा रही है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।



