
शेड अस्पताल में कान का जटिल ऑपरेशन सफल, मरीज को मिली दर्द से राहत
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। शेड अस्पताल, डोईवाला में कान की समस्या से पीड़ित मरीज बबीता शर्मा के कान का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार है और उन्होंने कान के दर्द से राहत मिलने पर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ का आभार जताया।
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ निवासी बबीता शर्मा ने बताया कि वह लंबे समय से कान के दर्द से परेशान थीं। पंजाब में कई स्थानों पर उपचार कराने के बावजूद उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी। इसी दौरान उन्हें डोईवाला स्थित शेड अस्पताल के बारे में जानकारी मिली। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी, जिसके बाद उनका सफलतापूर्वक जटिल ऑपरेशन किया गया।
बबीता शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद अब वह स्वस्थ महसूस कर रही हैं और कान के दर्द से काफी राहत मिली है। उन्होंने शेड अस्पताल के चिकित्सकों और सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद किया।
ऑपरेशन में डॉ. प्रवेंद्र सिंह, डॉ. कुणाल, डॉ. महेश जुगलान सहित सहयोगी स्टाफ पुष्पा कश्यप, राहुल एवं अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. प्रवेंद्र सिंह ने कहा कि शेड अस्पताल में कान से संबंधित जटिल से जटिल मामलों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।



