डोईवाला के शंकर दत्त पांडे कौन?

भास्कर इंडिया लाइव
राज्य आंदोलनकारियों की सूची में 33वें नंबर पर नाम, पहचान और योगदान को लेकर उठे सवाल
डोईवाला चमन लाल।
उत्तराखंड राज्य आंदोलन से जुड़े अनेक आंदोलनकारियों ने पृथक राज्य के निर्माण के लिए अपना जीवन, समय और संघर्ष समर्पित किया। कई आंदोलनकारियों का इतिहास आज भी लोगों के सामने है, लेकिन कुछ ऐसे नाम भी हैं जिनके योगदान और पहचान को लेकर आज सवाल उठ रहे हैं।
ऐसा ही एक नाम डोईवाला निवासी शंकर दत्त पांडे का सामने आया है। राज्य आंदोलनकारियों की एक सूची में क्रमांक 33 पर “शंकर दत्त पांडे — डोईवाला” दर्ज है। इसी सूची में उनके नाम के बाद अन्य आंदोलनकारियों के नाम भी क्रमवार दर्ज दिखाई देते हैं। यह प्रविष्टि एक से अधिक ऑनलाइन पोस्ट में भी दिखाई देती है।
यहीं से सवाल उठता है कि आखिर डोईवाला के शंकर दत्त पांडे कौन थे?
क्या वह वास्तव में उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय रहे थे? यदि हां, तो आंदोलन के दौरान उनकी भूमिका क्या थी? क्या उन्हें गिरफ्तार किया गया था? क्या उन्होंने जेल यात्रा की थी? क्या आंदोलन के दौरान उनके विरुद्ध कोई मुकदमा दर्ज हुआ था? क्या सरकार ने उन्हें आधिकारिक रूप से राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिह्नित किया था? और सबसे महत्वपूर्ण—क्या क्रमांक 33 वाली सूची वास्तव में सरकारी अभिलेख पर आधारित है?
सरकारी रिकॉर्ड से स्पष्ट हो सच्चाई
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रधान उमेद बोरा ने इसी विषय को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि शंकर दत्त पांडे का नाम वास्तव में राज्य आंदोलनकारी की सूची में दर्ज है तो उनकी पूरी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए, ताकि डोईवाला की जनता उनके योगदान को जान सके और उन्हें उचित सम्मान मिल सके।



