डोईवाला ब्लॉक में स्थापित हुई उत्तराखंड के गांधी इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा

उत्तराखंड का पहला ब्लॉक बना डोईवाला, जहां स्थापित की गई इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल ।
उत्तराखंड के इतिहास और राज्य आंदोलन की स्मृतियों से जुड़े एक गौरवशाली अध्याय में डोईवाला का नाम दर्ज हो गया है। विकासखंड डोईवाला परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता और ‘उत्तराखंड के गांधी’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की भव्य प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत अनावरण किया गया। आयोजकों के अनुसार, उत्तराखंड के सभी विकासखंडों में डोईवाला पहला ब्लॉक है, जहां स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा स्थापित की गई है।

प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक में पारित किया गया था। लंबे समय से प्रस्तावित इस पहल को अब धरातल पर साकार किया गया है। प्रतिमा के अनावरण को क्षेत्रवासियों ने उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और राज्य आंदोलन के नायकों के प्रति सम्मान का महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रतिमा का अनावरण रायवाला स्थित नृसिंह पीठाधीश्वर रसिक महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। समारोह का आयोजन ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की पहल और देखरेख में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रसिक महाराज एवं ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी का पूरा जीवन उत्तराखंड के विकास, संस्कृति, लोक परंपराओं और समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बडोनी जी के विचार और संघर्ष आज भी उत्तराखंड की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ब्लॉक परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने का माध्यम भी बनेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। वे सच्चे अर्थों में उत्तराखंड के गांधी थे। उन्होंने कहा कि बडोनी जी ने उत्तराखंड की पहचान, संस्कृति और राज्य निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह को इस ऐतिहासिक पहल के लिए बधाई दी।
ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह द्वारा की गई यह पहल सराहनीय है। स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा न केवल विकासखंड परिसर की शोभा बढ़ाएगी, बल्कि क्षेत्र के लोगों और युवाओं को उनके संघर्ष एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर भी प्रदान करेगी।
समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख बीना देवी, कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल, करतार सिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताजेंद्र सिंह, डबल सिंह भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य इंद्रजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह खालसा, रंजीत सिंह, उम्मेद बोरा, अमित सैनी, प्रवीण कुमार बाबू,कुलदीप शाही, जितेंद्र सिंह, राकेश मियां सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बडोनी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
विकासखंड परिसर में स्थापित यह प्रतिमा अब क्षेत्रवासियों के लिए स्व. इंद्रमणि बडोनी के संघर्ष, सादगी और उत्तराखंड के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाती रहेगी। राज्य आंदोलन के इस महानायक को सम्मान देने की पहल को क्षेत्र में उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान और राज्य आंदोलन की विरासत को संजोने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



