महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के एथलेटिक्स प्रशिक्षक लोकेश कुमार को मिला उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल दिवस पर हल्द्वानी में उत्तराखंड सरकार ने किया सम्मानित, कॉलेज परिवार में खुशी की लहर
भास्कर इंडिया लाइव
देहरादून चमन लाल । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर देहरादून के एथलेटिक्स प्रशिक्षक लोकेश कुमार को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, मेहनत, प्रतिभा और खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शुक्रवार, 29 अगस्त 2026 को हल्द्वानी (नैनीताल) में आयोजित समारोह में उत्तराखंड सरकार की ओर से प्रदान किया गया।
लोकेश कुमार लंबे समय से एथलेटिक्स के क्षेत्र में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहे हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन, अनुशासन और अथक परिश्रम से अनेक खिलाड़ियों ने विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि को खेल जगत और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
लोकेश कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलने पर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं समस्त कॉलेज परिवार में खुशी की लहर है। कॉलेज परिवार की ओर से वरिष्ठ वॉलीबॉल प्रशिक्षक एवं प्रभारी खेल प्रदीप कुमार कौशल ने लोकेश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रदीप कुमार कौशल ने कहा कि लोकेश कुमार की यह उपलब्धि उनकी वर्षों की मेहनत, लगन और काबिलियत का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकेश कुमार भविष्य में भी इसी प्रकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे और अपने साथ-साथ महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज का नाम भी स्वर्णिम अक्षरों में अंकित करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल लोकेश कुमार का, बल्कि पूरे महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिवार का गौरव है। कॉलेज परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे निरंतर इसी प्रकार खेल प्रतिभाओं को तराशते रहें और प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहें।




