कौशल से रोजगार सृजन की ओर बढ़ें युवा : देवभूमि उद्यमिता केंद्र
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एकदिवसीय स्टूडेंट सेंसटाइजेशन ओरिएंटेशन कार्यशाला आयोजित
डोईवाला, चमन लाल 31-8- 2026
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में सोमवार को छात्र-छात्राओं को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एकदिवसीय स्टूडेंट सेंसटाइजेशन ओरिएंटेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग एवं उत्तराखंड शासन के अंतर्गत भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद द्वारा सहायतित देवभूमि उद्यमिता योजना के तत्वावधान में आयोजित की गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. शिव कुमार लाल ने “देवभूमि उद्यमिता केंद्र : कौशल से रोजगार सृजन तक” विषय पर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “देवभूमि उद्यमिता केंद्र नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला युवा तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।” उन्होंने महाविद्यालय में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए तीन वर्षीय स्केल मॉडल के माध्यम से महाविद्यालय की उत्तराखंड में विशिष्ट पहचान स्थापित करने पर जोर दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि “कौशल विचार को उद्यम में बदलता है और उद्यम बाजार से जुड़कर सफल उद्योगों के माध्यम से रोजगार का सृजन करता है।” उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर अपने कौशल एवं विचारों के माध्यम से रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। महाविद्यालय का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर देवभूमि उद्यमिता योजना की प्रोजेक्ट ऑफिसर सुश्री सपना नेगी ने छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं, बूट कैंप तथा उद्यमिता विकास कैंप की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाते हुए स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्राचार्य द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. पूरन सिंह खाती, डॉ. चंद्रकला, डॉ. गुलनाज फातिमा, डॉ. अनुराग भंडारी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनुराग भंडारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।




