
एसआरएचयू में ‘टेडएक्स’ का आगाज, ‘द स्पार्क विदिन’ थीम का भव्य अनावरण
12 सितंबर को होगा TEDx-SRHU का पहला संस्करण, विभिन्न क्षेत्रों के नौ प्रेरक वक्ता साझा करेंगे जीवन के अनुभव और विचार
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) में विचारों, अनुभवों और प्रेरक कहानियों को मंच देने वाले प्रतिष्ठित TEDx का आगाज हो गया है। स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एसएमएस) की ओर से आयोजित होने वाले TEDx-SRHU के प्रथम संस्करण का गुरुवार को विश्वविद्यालय के सेंट्रल पार्क में भव्य अनावरण समारोह के साथ औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘द स्पार्क विदिन’ (The Spark Within) रखी गई है।
अनावरण समारोह में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, फैकल्टी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विचार से शुरू होता है बड़ा बदलाव : डॉ. विजय धस्माणा
समारोह को संबोधित करते हुए एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने कहा कि किसी भी बड़े परिवर्तन की शुरुआत एक विचार से होती है। TEDx-SRHU विद्यार्थियों को अपने भीतर छिपी क्षमताओं को पहचानने और अपने विचारों को समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि ‘द स्पार्क विदिन’ केवल एक थीम नहीं, बल्कि युवाओं को अपने भीतर की चिंगारी को पहचानकर उसे सकारात्मक ऊर्जा में बदलने का संदेश है। युवाओं के विचार और उनकी रचनात्मक क्षमता समाज एवं राष्ट्र के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अनुभवों से सोच का होगा विस्तार : डॉ. राजेंद्र डोभाल
एसआरएचयू के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने कहा कि TEDx-SRHU विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपनी सोच का विस्तार करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तित्वों के अनुभवों और जीवन-यात्रा से विद्यार्थियों को प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
प्रेरक विचारों और कहानियों को मिलेगा मंच
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की निदेशक डॉ. तरुणा गौतम ने TEDx के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि TEDx ऐसे विचारों, अनुभवों और कहानियों को मंच प्रदान करता है, जो लोगों को कुछ नया सोचने तथा अपने दृष्टिकोण का विस्तार करने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि TEDx-SRHU के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों से सीधे जुड़ने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
12 सितंबर को मंच साझा करेंगे नौ प्रेरक वक्ता
TEDx-SRHU का पहला संस्करण 12 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नौ प्रेरक वक्ता अपने विचार, अनुभव और जीवन-यात्रा साझा करेंगे।
प्रमुख वक्ताओं में—
डॉ. विजय धस्माणा — अध्यक्ष, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय
साक्षर दुग्गल — उभरती प्रौद्योगिकी एवं साइबर कानून से जुड़े युवा विचारक
विंग कमांडर अनुपमा जोशी (सेवानिवृत्त) — सलाहकार, समुन्नति फाउंडेशन एवं भारतीय वायुसेना की पूर्व अधिकारी
रितुराज शर्मा — जेट्टा फार्म्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा क्राउपायलट के संस्थापक
आरजे काव्या — रेडियो प्रस्तोता, डिजिटल कहानीकार एवं मीडिया व्यक्तित्व
शशि बहुगुणा रतूड़ी — नमकवाली की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी
बिनिता शाह — सारंग विकास समिति की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी
हर्षल दिलवाली — क्लैरिसा ग्रुप के निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उद्यमी एवं अधिवक्ता
शौर्य सैनी — एसआरएचयू के पूर्व छात्र एवं विश्व चैंपियन निशानेबाज
युवाओं के भीतर की ‘चिंगारी’ को पहचानने का प्रयास
TEDx-SRHU का पहला संस्करण युवाओं को नए विचारों, अनुभवों और संभावनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी आंतरिक क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित करेगा। ‘द स्पार्क विदिन’ की अवधारणा के माध्यम से कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर मौजूद उस रचनात्मक ऊर्जा को सामने लाना है, जो भविष्य में सकारात्मक बदलाव की आधारशिला बन सकती है



