
मुख्यमंत्री धामी से मिले डोईवाला विधायक गैरोला, विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर हुई सकारात्मक चर्चा
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर विधायक बृजभूषण गैरोला ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
विधायक गैरोला ने क्षेत्र में विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही विभिन्न समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता से जुड़े विषयों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक द्वारा रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि राज्य सरकार डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। और जनहित के प्रत्येक विषय को सरकार के समक्ष प्राथमिकता से रखा जाएगा। उन्होंने जनसमस्याओं पर सकारात्मक संज्ञान लेने और उनके शीघ्र निराकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।



