
स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल। पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में शिक्षा विभाग की ओर से एक सितंबर से 15 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ स्वच्छता की शपथ के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने का संकल्प लिया।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग डस्टबिन में डालने, कूड़े को इधर-उधर न फेंकने और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वच्छ पर्यावरण केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उन्हें पर्यावरण प्रहरी के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, तेजवीर सिंह, अवधेश सेमवाल, राधा गुप्ता, श्यामानंद, गौरव रावत, नीलम बिष्ट, मयंक शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रही



