
अठूरवाला में पुनर्जीवित होगी पुराने टिहरी की ऐतिहासिक विरासत, बनेगा भव्य घंटाघर
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल। टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र अठूरवाला में पुराने टिहरी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला के प्रयासों से अठूरवाला में भव्य घंटाघर के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुराने टिहरी के ऐतिहासिक घंटाघर की तर्ज पर प्रस्तावित यह घंटाघर विस्थापित क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि टिहरी से विस्थापित होकर अठूरवाला में बसे लोगों के लिए यह घंटाघर केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि उनकी पुरानी यादों, भावनाओं और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा एक भावनात्मक प्रतीक होगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी अपने मूल टिहरी की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
विधायक ने कहा कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र का संतुलित विकास और क्षेत्र की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। अठूरवाला में बनने वाला यह घंटाघर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास को भी नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा, “जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारना हमारी प्राथमिकता है। अठूरवाला में ऐतिहासिक घंटाघर का निर्माण टिहरी की स्मृतियों को संजोने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास होगा।”
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, पुरुषोत्तम डोभाल, विक्रम सिंह नेगी,ईश्वर रोथान, विनय कंडवाल, रविंदर बेलवाल, संदीप नेगी, प्रदीप जेटली, रामलाल कोठारी, सहित तमाम जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया।



