
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ पालिका की कार्रवाई, चार चालान कर वसूला ₹22,100 जुर्माना
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। नगर पालिका परिषद डोईवाला द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और सड़क किनारे किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पालिका टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार चालान कर कुल ₹22,100 का अर्थदंड वसूल किया।
इसके साथ ही डोईवाला बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को भी पालिका टीम ने मौके पर पहुंचकर हटवाया। टीम ने दुकानदारों को सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।
नगर पालिका के सचिन रावत ने दुकानदारों से अपील की कि वे फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही प्रतिबंधित पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सफाई सुपरवाइजर सुरेंद्र, नीरज, प्रवीण, विनीत सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।



