
1359 मतदाता आज तय करेंगे छात्रसंघ की नई टीम
छह पदों के लिए 19 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक होगा मतदान
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमन लाल।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार को मतदान होगा। छात्रसंघ की नई टीम के चुनाव में 1359 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 949 छात्राएं और 410 छात्र शामिल हैं। मतदान के लिए महाविद्यालय में पांच बूथ बनाए गए हैं।
छात्रसंघ के छह पदों के लिए कुल 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर तीन, उपाध्यक्ष पद पर चार तथा सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तीन-तीन प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेश प्रसाद भट्ट ने बताया कि मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आईकार्ड लाना अनिवार्य होगा। जिन विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं हो सका है, उनके लिए महाविद्यालय में अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्र में विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के बिना प्रवेश दिया जाएगा।
छात्रसंघ चुनाव के लिए डॉ. ममता निठानी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि मतदान मंगलवार सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और छात्र-छात्राओं में उत्साह है। मतदान के साथ ही सभी की निगाहें अब दोपहर बाद आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।



