दिल्ली पुलिस ने एसडीआरएफ पुलिस कर्मियों को 10 हजार के नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित।

डोईवाला – (चमनलाल -विक्रांत वर्मा)उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) में नियुक्त कर्मठ जवान हेड कांस्टेबल रवि चौहान एवं फायरमैन शप्रवीण चौहान को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया है।
स्पेशल कमिश्नर श्री मनीष अग्रवाल, आईपीएस संचालन, प्रौद्योगिकी एवं योजना क्रियान्वयन, दिल्ली पुलिस द्वारा दोनों एसडीआरएफ कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं दस हजार की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया व इनके निस्वार्थ सेवा भाव की प्रशंसा की।
श्री बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया था। मनीष कुमार अग्रवाल द्वारा देखा गया कि एसडीआरएफ के दोनों जवान निस्वार्थ भाव से कर्तव्य पथ पर डटे हुए थे और बाधित मार्ग को खुलवाने के साथ ही यात्रियों को भी सुरक्षित मार्ग पार करा रहे थे। किसी भी आधिकारिक उपस्थिति से बेखबर इन दोनों ने समान रूप से सभी यात्रियों को कुशलतापूर्वक अवरूद्ध मार्ग पार कराया।
उत्तराखण्ड एसडीआरएफ के कार्मिकों को विशेष सम्मान मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ उत्तराखंड अरुण मोहन जोशी ने दोनों कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि,
“एसडीआरएफ के जवान हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा व राहत कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यह सम्मान न केवल दोनों कार्मिकों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सम्पूर्ण बल के लिए गर्व का विषय है। इस प्रकार के सम्मान से अन्य कार्मिकों को भी कर्तव्यनिष्ठा व साहस के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
वर्ष 2018 में एवरेस्ट आरोहण करना इनकी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। इसके साथ ही द्रोपदी का डांडा, सहस्त्रताल रेस्क्यू, पिंडारी ग्लेशियर, लमखागा पास, सुंदरडूगा जैसे हाई एल्टीट्यूड क्षेत्रों में इनके द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कई लोगों का जीवन सुरक्षित किया गया ।



